*दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हादसा: मन्नत मांगने जा रहे दिल्ली केदो दोस्तों की मौत*
दिल्ली ब्यूरो चीफ: पी अस्थाना
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बागपत में दो इंजीनियर दोस्तों की मंगलवार आधी रात के बाद करीब डेढ़ बजे सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों को सोमवार को ही बीटेक की डिग्री मिली थी। दोनों कार से नौकरी की मन्नत मांगने दिल्ली से ऋषिकेश के नीलकंठ मंदिर जा रहे थे।
बागपत के पुलिस इंस्पेक्टर बृजेश कुमार के मुताबिक, हादसा बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र में हुआ। दरअसल, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे अभी निर्माणाधीन है। 14 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी लोकार्पण करेंगे। मरने वालों के नाम इंजीनियर कपिल (24) और प्रयाग कौशिक (25) दिल्ली के नांगलोई के रहने वाले थे। दोनों अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। प्रयाग के पिता राजेंद्र कौशिक नीति आयोग में अंडर सेकेटरी हैं। घर में मां के अलावा दो बहनें हैं। कपिल के पिता राजेश प्राइवेट नौकरी करते हैं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों रास्ता भटक गए थे। उन्होंने गूगल मैप का इस्तेमाल किया, तो उन्हें दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर ले गया। 100 की रफ्तार से एक्सप्रेसवे पर टाटा पंच कार बेकाबू होकर बैरियर से जा टकराई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

