दिल्ली पब्लिक स्कूल शहीदपथ में स्कॉलर बैज समारोह का हुआ आयोजन
लखनऊ (आर एल पाण्डेय): दिल्ली पब्लिक स्कूल शहीदपथ के प्रांगण में सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने हेतु स्कॉलर बैज समारोह का आयोजन बड़े हर्ष एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. आदित्य कुमार शर्मा, प्रधानाचार्या डॉ. मंजू लखनपाल, उप प्रधानाचार्या स्वाति सिंह मल्होत्रा एवं प्रवेश संचालिका दिव्या सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया । दीप प्रज्ज्वलन ज्ञान के प्रकाश एवं सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। तत्पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् प्रस्तुत किया गया । कार्यक्रम के अगले चरण में विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु स्कॉलर बैज प्रदान किया गया, साथ ही शत प्रतिशत उपस्थिति प्राप्त विद्यार्थियों एवं बहुमुखी प्रतिभा के धनी छात्र- छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के द्वारा सम्मानित बच्चों के चेहरे पर गर्व व खुशी स्पष्ट दिखाई दे रही थी।मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया । समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

