अयोध्या।(सरवन कुमार नगर संवाददाता अयोध्या)
मण्डलायुक्त एमपी अग्रवाल की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में पंचम दीपोत्सव 2021 की तैयारी बैठक की समीक्षा की। मण्डलायुक्त ने दिनांक 1 नवम्बर से 6 नवम्बर 2021 तक आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव की तैयारियों के सम्बंध में मण्डलीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपद स्तरीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुये अद्यतन प्रगति पर प्रतिदिन जानकारी लेते हुये कार्यो की मानीटरिंग की जाय। मण्डलायुक्त ने बताया कि इस बार दीपोत्सव में 7.50 लाख दीपक जलाये जाने का प्रस्ताव है, जिसको और भव्य बनाने के लिए शासन स्तर पर लगभग 9 लाख दीप प्रज्जवलित करने पर विचार किया जा रहा है। दीपोत्सव की व्यवस्था माटी कला बोर्ड के माध्यम से करायी जा रही है इस कार्य की जिम्मेदारी डा0 राम मनोहर लोहिया अवध विवि को सौपी गयी है। दीपक को जलाने हेतु अवध विवि के द्वारा अपने विश्वविद्यालय के तथा इंटर कालेज के 12 हजार वालन्टियर्स को लगाया गया है।मण्डलायुक्त ने कहा कि अयोध्या के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दीपक जलाये जायेंगे।दीपोत्सव में मुख्य रूप से पर्यटन, संस्कृति, सूचना, राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय, विकास, राजस्व, उद्यान, नगर निगम, विकास प्राधिकरण आदि विभागों के लगभग 27 प्रकार के दायित्व दिये गये है और कहा गया है कि सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ दीपोत्सव की तैयारी करें। सूचना विभाग द्वारा दीपोत्सव के सम्पूर्ण कार्यक्रम का दूरदर्शन एवं अन्य प्रचार साधनों द्वारा सजीव प्रसारण किया जायेगा।

