निफा के ‘संवेदना-2’ अभियान को दोहरा सम्मान, डॉ. अंजु सिंह समेत जौनपुर के 10 रक्तवीर हुए सम्मानित
लखनऊ में आयोजित नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड समारोह में ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड’ से भी मिला सम्मान
जौनपुर/लखनऊ। राष्ट्रीय सामाजिक संस्था नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ एक्टिविस्ट्स (NIFA) उत्तर प्रदेश द्वारा राजधानी लखनऊ स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड एवं संवेदना-2 सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रक्तदान जागरूकता और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्तवीरों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में ‘संवेदना-2’ अभियान के सफल संचालन के लिए प्रतिभागियों को एक ही मंच पर दो प्रतिष्ठित सम्मान—नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड तथा वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड—से नवाजा गया। जौनपुर की समाजसेविका डॉ. अंजु सिंह सहित जिले के 10 रक्तवीरों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान रहीं। विशिष्ट अतिथियों में राज्य मंत्री नटवर गोयल, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल, वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड के वाइस चेयरमैन संजय पांजवानी, निफा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अश्विनी शेट्टी, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, ‘स्माइल मैन’ सर्वेश अस्थाना, सोटो के संयुक्त निदेशक डॉ. हर्षवर्धन द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अतिथियों ने रक्तदान और अंगदान को जनआंदोलन बनाने पर जोर देते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों से इस मुहिम से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम में संवेदना-2 अभियान के नेशनल प्रोजेक्ट डायरेक्टर दिलीप कुमार दुबे ने स्वागत भाषण दिया, जबकि डॉ. अश्विनी शेट्टी ने अभियान की उपलब्धियों और उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
निफा उत्तर प्रदेश की संरक्षिका एवं ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति की संस्थापिका डॉ. अंजु सिंह ने मुख्य अतिथि डॉ. बबीता सिंह चौहान को सम्मानित किया। उन्होंने सम्मान को पूरी टीम और रक्तदान अभियान से जुड़े सभी स्वयंसेवकों को समर्पित करते हुए सहयोगी संस्थाओं एवं रक्तवीरों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतापगढ़ और बस्ती में ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरों के समन्वयकों को भी सम्मानित किया गया। संस्था ने बताया कि संवेदना-2 अभियान के तहत पूरे उत्तर प्रदेश में आयोजित शिविरों के माध्यम से 500 से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित हो र
हा है।

