ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा प्राधिकरण का नया प्रशासनिक मुख्यालय अब पूरी तरह संचालन के लिए तैयार है। सेक्टर-96 स्थित इस अत्याधुनिक भवन का उद्घाटन 27 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। करीब 390 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह भवन आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और नागरिकों को तेज़ एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
करीब छह एकड़ क्षेत्र में फैला यह नया मुख्यालय नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के समीप स्थित है, जिससे यहां पहुंचना आसान होगा। भवन का निर्माण वर्ष 2016 में शुरू हुआ था, लेकिन तकनीकी कारणों, निर्माण एजेंसी में बदलाव और कोविड-19 महामारी के चलते परियोजना में देरी हुई। बाद में आईआईटी दिल्ली की तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर भवन की रेट्रोफिटिंग कर इसे अधिक सुरक्षित और मजबूत बनाया गया।
नए मुख्यालय की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि प्राधिकरण के सभी प्रमुख विभाग अब एक ही परिसर से संचालित होंगे। इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और फाइलों के निस्तारण के साथ प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी।
जनसुनवाई को अधिक प्रभावी बनाने के लिए भवन में एक पूरा फ्लोर नागरिक सुविधाओं के लिए समर्पित किया गया है, जहां लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। इसके अलावा भवन में डिजिटल कार्यालय, आधुनिक कॉन्फ्रेंस रूम, स्मार्ट कार्यस्थल और अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
भवन परिसर में 670 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जिससे कर्मचारियों और आगंतुकों को पार्किंग संबंधी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। वहीं, छठी और सातवीं मंजिल पर वरिष्ठ अधिकारियों के लिए आधुनिक और हाईटेक कार्यालय तैयार किए गए हैं।
परियोजना के दौरान भवन के डिजाइन में भी बदलाव किया गया। प्रारंभिक योजना में ऊंचे टावर प्रस्तावित थे, लेकिन संशोधित डिजाइन के तहत चार और आठ मंजिला दो टावरों का निर्माण किया गया। आधुनिक वास्तुकला, डिजिटल सुविधाओं और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था से लैस यह नया मुख्यालय अब नोएडा प्राधिकरण की नई पहचान बनने के साथ-साथ नागरिकों को अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।

