ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा:नोएडा,गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सुबह जहां तेज धूप थी, वहीं दोपहर के बाद तेज हवाओं और बादलों की गतिविधि बढ़ने लगी। मौसम विभाग ने क्षेत्र के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए अगले कुछ घंटों में तूफान, धूल भरी आंधी और बारिश की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, एनसीआर के अधिकांश इलाकों में पहले धूल भरी आंधी चलने की संभावना है, जिसके बाद गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 70 किमी/घंटा रहने का अनुमान है, जो कुछ स्थानों पर बढ़कर 80 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।
ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि मौसम खतरनाक हो सकता है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने और धूल की वजह से दृश्यता कम होने जैसी स्थितियां बन सकती हैं।
इसी बीच, नेशनल दिसस्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDMA) ने भी चेतावनी जारी की है। अथॉरिटी के अनुसार, अगले कुछ घंटों में आसपास के क्षेत्रों में मध्यम स्तर के तूफान, तेज सतही हवाएं (40–60 किमी/घंटा), हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है।
मौसम में इस बदलाव से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है। सोमवार सुबह का न्यूनतम तापमान करीब 19–21 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

