पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ के नाम पर हो सकता है किसी सड़क का नाम, मूर्ति भी लगाने का सुझाव

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ के नाम पर शहर की किसी एक सड़क का नाम किया जा सकता है। चर्चा है कि शहर में किसी अंग्रेज अफसर के नाम वाली सड़क का नाम पंडित केशरी नाथ त्रिपाठी मार्ग किया जा सकता है। इस बीच भाजपा की ओर से नैनी स्थित अरैल मार्ग का नाम केशरी नाथ त्रिपाठी के नाम पर करने का प्रस्ताव मेयर को दिया गया है।

दरअसल रविवार आठ जनवरी की सुबह ही पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ का निधन हुआ। उनके निधन की सूचना मिलने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना आदि उनके अंतिम दर्शन के लिए प्रयागराज पहुंचे। केशरी नाथ के पुष्प चक्र चढ़ाने के बाद भाजपा नेताओं की डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ एक बैठक भी हुई।

बैठक में केशरी नाथ के नाम पर प्रयागराज की किसी एक सड़क के नामकरण किए जाने की चर्चा हुई। वैसे चर्चा इस बात की है कि पूर्व राज्यपाल के नाम पर शहर की किसी संस्था का नाम भी रखा जा सकता है। इसके लिए भाजपा नेताओं से सुझाव भी मांगे गए हैं।

 

कुछ भाजपाइयों ने मूर्ति लगाने का भी सुझाव दिया है।  फिलहाल पूर्व राज्यपाल की याद में पार्टी द्वारा बुधवार 11 जनवरी को एक श्रद्धांजलि सभा भी आयोजित की जा रही है। इसका आयोजन मेडिकल कालेज स्थित प्रीतम दास प्रेक्षागृह में होगा। इसमें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी शामिल हो सकते हैं। श्रद्धांजलि सभा में ही केशरी नाथ के नाम पर शहर में क्या होगा, उसका एलान किए जाने की चर्चा है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने 11 जनवरी को श्रद्धांजलि सभा होने की पुष्टि की है। हालांकि अभी समय का निर्धारण नहीं किया गया है। वहीं दूसरी ओर भाजपा नैनी मंडल ने नैनी स्थित अरैल मार्ग का नामकरण केशरी नाथ के नाम पर किए जाने का प्रस्ताव मेयर अभिलाषा गुप्ता को दिया है। इस बारे में मेयर का कहना है कि नगर नामकरण समिति में यह प्रस्ताव रखा जाएगा। प्रस्ताव पास होने के बाद निश्चित ही इस दिशा में काम किया जाएगा।

प्रयागराज से केशरीनाथ त्रिपाठी जी का गहरा रिश्ता था। इसलिए उनके नाम पर यहां कुछ बड़ा किया जाएगा। बस थोड़ा इंतजार कीजिए। – केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम, उ.प्र. सरकार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *