पूर्व सांसद निर्मल खत्री ने बताई पार्टी की अगले 100 दिनों की कार्ययोजना
(राजन तिवारी संवाददाता अयोध्या धाम)
अयोध्या।पूर्व सांसद तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर निर्मल खत्री ने कांग्रेस पार्टी की 100 दिन की कार्य योजनाओं को बताई।सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता मे उन्होंने यह कार्य योजना बताई।पूर्व सांसद डॉक्टर निर्मल खत्री ने कहा कि आज का दिन कांग्रेस पार्टी और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले हर नागरिक के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है।आज प्रियंका गांधी वाड्रा का जन्मदिन है। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी इस चुनावी वर्ष में अगले 100 दिनों की कार्ययोजना की घोषणा करते हुए अपने चुनावी शंखनाद की शुरुआत कर रही है।निर्मल खत्री ने कहा आज भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिशों में लगी हुई है। भाजपा मनरेगा के कानूनी अस्तित्व को समाप्त कर उसे केवल एक योजना में बदलने, एसआईआर के माध्यम से वोट काटने और वोट चोरी जैसे अलोकतांत्रिक हथकंडों पर काम कर रही है। कांग्रेस पार्टी इन नापाक मंसूबों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।उन्होंने कांग्रेस पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश में अगले 100 दिनों के कार्यक्रमों के बारे में बताते हुए कहा कि इन कार्य योजनाओं में सबसे पहले कांग्रेस पार्टी संविधान संवाद पंचायत का आयोजन करेगी। जननायक राहुल गांधी जी पिछले कई वर्षों से भाजपा सरकार के संविधान विरोधी प्रयासों के खिलाफ देशव्यापी संघर्ष कर रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में 30 से अधिक “संविधान संवाद महापंचायतों” का आयोजन करेगी। इन महापंचायतों के माध्यम से योगी सरकार की विफलताओं को जनता के समक्ष उजागर किया जाएगा।
इस अभियान की शुरुआत 24 जनवरी 2026 को जनपद सीतापुर से होगी, इसके पश्चात प्रदेश के अन्य जिलों में भी इनके आयोजन होंगे।निर्मल खत्री ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा कराये जा रहे एस.आई.आर. के प्रति भी पार्टी पूरी तरह से गंभीर है।पार्टी द्वारा सक्षम पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप कर जायज़ मतदाताओं के कटे नाम जुड़वाए जाएंगे छूटे हुए मतदाता शामिल कराए जाएंगे।नए मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे।
उन्होंने कहा पूरे प्रदेश में पार्टी पहले ही 1600 एसआईआर कोऑर्डिनेटर और लगभग 1 लाख बीएलए नियुक्त कर चुकी है, जो संगठन की जमीनी मजबूती को दर्शाता है।पूर्व सांसद डॉ निर्मल खत्री ने बताया कि इसी वर्ष पंचायत चुनाव होने हैं जिसमें जिले में कांग्रेस पार्टी मजबूत प्रत्याशियों को लड़ाने का प्रयास करेगी।
निर्मल खत्री ने कार्य योजनाओं को बताते हुए भी कहा कि इस वर्ष हम लोग पार्टी का 140 वर्ष का गौरवपूर्ण स्थापना दिवस मना रहे हैं। जिसे आम आदमी तक पहुंचाने के लिए हम लोग विभिन्न आयोजन आने वाले समय में करेंगे।पत्रकार वार्ता में पार्टी जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह, सुनील कृष्ण गौतम, राजेन्द्र प्रताप सिंह, शीतला पाठक, राम दास वर्मा, उग्रसेन, रामवध पासी, उमेश उपाध्याय, लाल मो, रामेंद्र त्रिपाठी, डॉ विनोद गुप्ता, धर्मेंद्र फास्टर आदि उपस्थित थे।

