प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें राज्य सरकारें : मायावती

प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें राज्य सरकारें : मायावती
लखनऊ,(आरएनएस )। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने देश के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा, आंधी और तूफान के कारण उत्पन्न हालात पर चिंता जताते हुए संबंधित राज्य सरकारों से प्रभावित लोगों की हर स्तर पर पूरी मदद करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराना सरकारों की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
मायावती ने विशेष रूप से महाराष्ट्र के कई इलाकों में सूखे की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां प्रभावित लोगों और खासकर किसानों को केवल औपचारिक राहत देने के बजाय जमीनी स्तर पर वास्तविक मदद पहुंचाई जानी चाहिए। किसानों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।उन्होंने बताया कि देश में बसपा के संगठन को मजबूत करने और सर्वसमाज में पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के उद्देश्य से पार्टी संगठन को तीन सेक्टरों में बांटा गया है। पहले सेक्टर में 10 राज्य शामिल किए गए हैं, जिनकी जिम्मेदारी राज्यसभा सांसद रामजी गौतम और सुरेश राव को केंद्रीय सेक्टर प्रभारी के रूप में दी गई है। दूसरे सेक्टर में नौ राज्य शामिल हैं और इसकी जिम्मेदारी पूर्व राज्यसभा सांसद राजाराम तथा पूर्व विधायक अतरसिंह राव को दी गई है। तीसरे सेक्टर में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को रखा गया है, जिनका कार्य लखनऊ स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से सीधे देखा जा रहा है।मायावती ने पहले और दूसरे सेक्टर के केंद्रीय प्रभारियों से अपील की कि उनके अधीन आने वाले राज्यों में जहां भी भारी वर्षा, तूफान अथवा अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण बड़े पैमाने पर जन-धन की क्षति हुई है, वहां बसपा के कार्यकर्ता अपनी क्षमता के अनुसार प्रभावित लोगों की मदद करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को अलग से धन एकत्र नहीं करना है, ताकि राहत कार्य की आड़ में किसी प्रकार का अनुचित लाभ उठाने की गुंजाइश न रहे।मायावती ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अधिक प्रभावित राज्यों में बसपा के राष्ट्रीय प्रभारी ईशान आनंद को भी भेजा जा सकता है। उन्होंने कहा कि सेक्टर तीन में शामिल उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की स्थिति पर उनकी स्वयं भी नजर है और जरूरत पड़ने पर वह प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सकती हैं।बसपा प्रमुख ने केंद्र सरकार से भी अनुरोध किया कि जिन राज्यों में प्राकृतिक आपदा का प्रभाव अधिक है, वहां की राज्य सरकारों को समय रहते हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के काम में तेजी लाई जा सके।

——————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *