रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव
पाली-हरदोई शासन के निर्देशों के क्रम में बालिकाओं/छात्राओं के साथ घटित होने वाले अपराध जैसे दुष्कर्म, अपहरण, छेड़छाड़, छीटाकशी,आदि अपराधों के प्रभावी रोकथाम एवं अभियान को सफल बनाये जाने हेतु जनपद के सभी थानों में एन्टी रोमियो स्क्वायड टीमों द्वारा प्रभावी रूप से निरन्तर बालिकाओं/छात्राओं को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पाली पुलिस ने कस्बे के सेठ बाबूराम भारतीय इण्टर कालेज की छात्राओं को मिशन शक्ति के तहत जागरूक किया गया। महिला कांस्टेबल सुदेशना सिंह ने बताया कि किसी भी व्यक्ति द्वारा छींटाकसी, छेड़खानी,सोशल मीडिया से परेशान या अनजान व्यक्ति पर किसी प्रकार का संदेह होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। कालेज में किसी प्रकार की समस्या से अपने अध्यापक को तत्काल सूचित करें। उपनिरीक्षक श्रीपति मौर्या ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि बाल विवाह एक घोर अपराध की श्रेणी में आता है इसे रोकने के लिए जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें साथ ही उन्होंने बताया कि यदि किसी छात्रा को आते जाते रास्ते में अथवा कार्यस्थल या फिर घर के आसपास कहीं कोई मनचला आपको परेशान करे तो घबराएं कदापि नहीं। ऐसे लोगों को सबक सिखाने के लिए टोल फ्री नंबर पर काल करके पुलिस को सूचना दें।साथ ही उन्हें अपने गुरू,अपने माता पिता व बड़ों का सम्मान करना,पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने पर जोर देते हुए सुरक्षा व आत्मनिर्भरता के लिये बनाये गये नियम कानून के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्या विजेता आर्या, अध्यापक विजय कुमार यादव, अनिल कुमार यादव, संजय कुमार रस्तोगी के अलावा काफी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

