मेम्फिस में फेसबुक लाइव कर अंधाधुंध गोलीबारी, दो की मौत, संदिग्ध गिरफ्तार

अमेरिका के टेनेसी प्रांत के मेम्फिस शहर में 19 साल के लड़के ने फेसबुक लाइव कर अंधाधुंध गोलीबारी की। इसमें दो लोगों के मारे जाने की खबर है। मेम्फिस पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। मेम्फिस पुलिस ने कहा कि फेसबुक लाइव स्ट्रीमिंग में संदिग्ध बंदूकधारी को एक स्टोर में घुसते हुए लोगों पर गोलियां चलाते हुए देखा गया। गोलीबारी करने वाला 19 साल का अश्वेत युवा है। उसकी पहचान ईजेकील केली के रूप में की गई है। उसने शहर के कुछ अन्य स्थानों पर भी गोलीबारी की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गोलीबारी के दौरान संदिग्ध हमलावर की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।  मेम्फिस में गोलीबारी की यह घटना बुधवार को हुई थी। इससे पहले पुलिस ने लोगों से अपील की थी कि एक हमलावर अंधाधुंध फायरिंग कर रहा है, इसलिए घरों में रहेें। कुछ घंटों में संदिग्ध को हिरासत में लेने के बाद जगह जगह की गई नाकेबंदी हटा ली गई। हालांकि, एबीसी 24 टेलीविजन ने कहा है कि पकड़ा गया संदिग्ध इस गोलीबारी से जुड़ा है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

अमेरिका में आए दिन गोलीबारी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। शस्त्र नियंत्रण के लिए हाल ही नया लाइसेंस कानून बनाया है, इसके बाद भी यह सिलसिला थम नहीं रहा है। न्यूयॉर्क में अब 21 साल से कम उम्र के लोग अर्ध स्वचालित राइफल नहीं खरीद पाएंगे। मेम्फिस के पहले बफेलो सुपरमार्केट में 14 मई को हुए हमले में 10 अश्वेत मारे गए थे। इसके 10 दिन बाद 24 मई को टेक्सास के स्कूल में गोलीबारी में 19 बच्चों और दो शिक्षक मारे गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *