डीकेयू गोरखपुर संवाददाता राजेश दिक्षित
गोरखपुर। गोरखपुर शहर के रामगढ़ताल इलाके की मॉडल शॉप में मुफ्त में शराब ना देने पर बेकसूर कर्मचारी मनीष प्रजापति की पीटकर हत्या करने के दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों में एक सुनील पासवान सिपाही का बेटा है। पुलिस घटना में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेजा गया है।
आरोपियों की पहचान खोराबार के जंगल सिकरी निवासी सुनील पासवान और विशाल विश्वकर्मा के रूप में हुई है। प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार शुक्ला ने बताया कि 30 सितंबर की रात में मुफ्त में शराब ना देने पर मारपीट हो गई थी। इस दौरान 12 से 15 की संख्या में आए गुंडों ने बेरहमी से कर्मचारी मनीष की पिटाई कर दी थी जिससे उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में घटना के अगले ही दिन तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब भी इस मामले में कई आरोपित फरार चल रहे हैं।

