रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगोलिया के दौरे पर, राष्ट्रपति खुरेलसुख ने उपहार में भेंट किया घोड़ा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिनी मंगोलिया यात्रा पर हैं। किसी भारतीय रक्षा मंत्री की यह पहली मंगोलिया यात्रा है। इस दौरान उन्होंने मंगोलिया के राष्ट्रपति उखनागिन खुरेलसुख से मुलाकात की। इस मुलाकात में उन्होंने राजनाथ सिंह को मंगोलिया का राजसी घोड़ा भेंट किया। इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी को सात साल पहले मंगोलिया यात्रा के दौरान घोड़ा भेंट किया गया था। राजनाथ सिंह ने बुधवार को सफेद घोड़े की तस्वीरों के साथ ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘मंगोलिया में हमारे खास दोस्तों की ओर से एक विशेष उपहार। मैंने इस शानदार व सुंदर घोड़े का नाम तेजस रखा है। धन्यवाद, राष्ट्रपति खुरेलसुख, धन्यवाद मंगोलिया।‘ सिंह ने मंगलवार को मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। रक्षा मंत्री 5 से 7 सितंबर तक मंगोलिया की यात्रा पर हैं।  किसी भारतीय रक्षा मंत्री का इस पूर्वी एशियाई देश का यह पहला दौरा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्रपति खुरेलसुख के साथ बैठक उत्कृष्ट रही। उन्होंने इस मौके पर 2018 में हुई मुलाकात का भी जिक्र किया, तब खुरेलसुख मंगोलिया के प्रधानमंत्री थे। राजनाथ ने कहा कि हम मंगोलिया के साथ अपनी बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगोलिया की यात्रा की थी। तब तत्कालीन मंगोलियाई प्रधानमंत्री चिमेद सैखानबिलेग ने उन्हें  उपहार में घुड़दौड़ का घोड़ा भेंट किया था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह क्षेत्रीय सुरक्षा और भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बीच रणनीतिक और रक्षा संबंधों का विस्तार करने के उद्देश्य से सोमवार से मंगोलिया और जापान की पांच दिवसीय यात्रा पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *