राजू भैया के नेतृत्व में डलमऊ रवाना हुए सैकड़ों कांवड़िये

राजू भैया के नेतृत्व में डलमऊ रवाना हुए सैकड़ों कांवड़िये
25 सितंबर को औसानेश्वर महादेव का करेंगे जलाभिषेक
फोटो-03
बाराबंकी। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से हैदरगढ़ नगर शिवभक्ति में सराबोर हो उठा। अगड़बम कांवड़िया संघ के संयोजक राजू भैया के नेतृत्व में सैकड़ों कांवड़िये गंगाजल लेने के लिए डलमऊ रवाना हुए। भगवा वस्त्रों में सजे और आकर्षक ढंग से सजाई गई कांवड़ कंधों पर उठाए श्रद्धालुओं की शोभायात्रा नगर स्थित रामेश्वरम शिवाला से शुरू हुई। मुख्य बाजार, चौराहों और नहर तिपुला तक जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया। कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालु भोलेनाथ की भक्ति में डूबे भजनों पर नृत्य करते हुए आगे बढ़ रहे थे। कई कांवड़ियों ने पैरों में घुंघरू बांध रखे थे, जबकि कुछ मोर पंख लगाए हुए थे। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। अगड़बम कांवड़िया संघ के संयोजक राजू भैया ने बताया कि डलमऊ में रात्रि विश्राम के बाद 22 सितंबर की सुबह कांवड़ की पूजा कर गंगाजल भरा जाएगा। इसके बाद कांवड़िये गंगाजल लेकर बाबा औसानेश्वर धाम के लिए प्रस्थान करेंगे। 22 सितंबर को मुक्तेश्वर महादेव मंदिर राजघाट रायबरेली में विश्राम होगा, जबकि 23 सितंबर को सगरा चौराहा में पड़ाव रहेगा। 24 सितंबर की देर शाम तक कांवड़िये औसानेश्वर धाम पहुंचेंगे। इसी दिन बाबा प्रेमदास की कुटी पर महंत बाबा लालता दास जी महाराज सहित संतों से आशीर्वाद लिया जाएगा। रात में औसानेश्वर शिव मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। 25 सितंबर, अनंत चतुर्दशी के दिन श्रद्धालु गंगाजल से बाबा औसानेश्वर का जलाभिषेक करेंगे। शोभायात्रा में राजू भैया के साथ श्रवण वैश्य, घनश्याम वैश्य, डब्बू अवस्थी, राहुल शुक्ला, रज्जन पांडे, सभासद सूरज दीक्षित और मोनू तिवारी समेत बड़ी संख्या में कांवड़िये शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *