
यूपी में 18वीं विधानसभा के पहले सत्र के दूसरे दिन विधानमंडल में राजनीति दलों के नेताओं ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा की। इस दौरान सदन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व सदन के नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव मौजूद रहे।
सोमवार को अपने अभिभाषण में विधानमंडल के दोनों सदनों को संबोधित करते हुए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि बीते पांच वर्षों में योगी सरकार 1.0 ने प्रदेश में विकास की नींव डालने का काम किया था और आगामी पांच वर्षों में सरकार इस पर विकास की भव्य इमारत खड़ी करेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के विकास के लिए निवेश बढ़ाने, आधारभूत संरचना सुदृढ़ करने व प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने का कार्य कर रही है। सरकार ने सेक्टरवार 100 दिन, छह माह, एक, दो व पांच साल की कार्ययोजना तैयार की है। विकास को नई ऊंचाइयां देने के लिए परियोजनाओं के क्रियान्वयन की टाइमलाइन तय करते हुए कार्य किए जाएंगे। सरकार परफॉमेंस आधारित कार्यों पर फोकस करेगी।

