राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आप ने बजरंगबली के चरणों में लगाई न्याय-अर्जी
जौनपुर, 20 जून । यूपी के जौनपुर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जौनपुर स्थित बीआरपी हनुमान मंदिर में “बजरंगबली के चरणों में न्याय-अर्जी” कार्यक्रम आयोजित कर अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे, दान और भूमि खरीद से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामलों की निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज करने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
कार्यक्रम की शुरुआत कार्यकर्ताओं द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने बजरंगबली से सत्य, न्याय और पारदर्शिता की स्थापना की प्रार्थना करते हुए रामभक्तों की आस्था की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के पूर्वांचल प्रांत प्रभारी डॉ. अनुराग मिश्रा ने बजरंगबली के चरणों में 420 रुपये का प्रतीकात्मक दान अर्पित कर न्याय-अर्जी समर्पित की। उन्होंने कहा कि यह दान उन लोगों के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध है, जिन पर रामभक्तों के चढ़ावे और दान में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि राज्यसभा सांसद संजय सिंह द्वारा पूर्व में अयोध्या में चढ़ावे और भूमि खरीद से जुड़े मामलों में एफआईआर दर्ज करने तथा दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि जिन मामलों में प्रथम दृष्टया साक्ष्य उपलब्ध हैं, उनमें तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही यदि जांच में गंभीर अनियमितताएं सिद्ध होती हैं तो व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि जौनपुर निवासी एक श्रद्धालु द्वारा रामलला को अर्पित किए गए चांदी के हार और चरण पादुका की रसीद उपलब्ध न होने से श्रद्धालुओं के बीच सवाल खड़े हुए हैं, जिनका पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाना चाहिए।
जिलाध्यक्ष रामरतन विश्वकर्मा ने कहा कि भगवान राम और बजरंगबली करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। रामभक्तों द्वारा अर्पित दान और चढ़ावा जनता की अमानत है, इसलिए उसका पारदर्शी लेखा-जोखा सार्वजनिक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर सत्य को सामने लाया जाना चाहिए और यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग संबंधी न्याय-अर्जी प्रस्तुत की। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद
रहे।

