रेडक्रॉस और “परी आपकी रसोई” ने संयुक्त रूप से दिया सेवा और सहयोग का संदेश*

रेडक्रॉस और “परी आपकी रसोई” ने संयुक्त रूप से दिया सेवा और सहयोग का संदेश*

 

*ब्यूरो रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*

 

*शाहजहांपुर* “परी आपकी रसोई” में जरूरतमंद एवं असहाय लोगों को मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराकर जनपद में “अन्नदाता” के रूप में एक विशेष पहचान रखने वाले समाजसेवी एवं “परी आपकी रसोई” के संचालक विनय अग्रवाल ने इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ विजय जौहरी के आवास पर पहुंचकर उनसे भेंट की। डॉ. विजय जौहरी ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए मानव सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि विनय अग्रवाल द्वारा “परी आपकी रसोई” के माध्यम से गरीब, असहाय एवं मरीजों के तीमारदारों को मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक कार्य है। वर्तमान समय में यह सेवा वास्तव में मानवता की मिसाल है। मुलाकात के उपरांत विनय अग्रवाल ने इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के मानवीय सेवा सहायता कक्ष एवं राहत सामग्री भंडार का अवलोकन किया। उन्होंने रेडक्रॉस द्वारा संचालित आपदा राहत, रक्तदान, स्वास्थ्य सेवा, कंबल वितरण, वस्त्रदान तथा जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों की प्रशंसा की। इस अवसर पर डॉ विजय जौहरी ने विनय अग्रवाल को पटका पहनाकर, स्मृति चिन्ह एवं रेडक्रॉस मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा में समर्पित व्यक्तित्वों का सम्मान करना रेडक्रॉस की गौरवशाली परंपरा है तथा ऐसे सेवाभावी लोगों से समाज को नई दिशा और प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि विनय अग्रवाल जैसे सेवाभावी व्यक्तित्वों का रेड क्रॉस परिवार से जुड़ाव संस्था के लिए प्रेरणादायक है। ऐसे समाजसेवियों का उनके आवास पर आगमन इस बात का प्रतीक है कि समाज सेवा करने वाले लोग एक-दूसरे के कार्यों को पहचानते हैं और उनका सम्मान करते हैं। इस अवसर पर विनय अग्रवाल ने कहा कि इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी विश्व की सबसे प्राचीन एवं प्रतिष्ठित मानवतावादी संस्थाओं में से एक है। मानव सेवा, शांति एवं पीड़ित सहायता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रेडक्रॉस आंदोलन को चार बार नोबेल शांति पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह संस्था वर्षों से असहाय, रोगग्रस्त, आपदा पीड़ित एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा में निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि जनपद में डॉ विजय जौहरी के नेतृत्व में रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा आपदा राहत, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, कंबल वितरण, व्हीलचेयर एवं सहायक उपकरण वितरण, वस्त्रदान, स्वच्छता सामग्री वितरण तथा जरूरतमंद रोगियों की सहायता जैसे अनेक सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का जो प्रयास रेडक्रॉस द्वारा किया जा रहा है, वह अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणा का विषय है। उन्होंने जनपद के रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *