विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 में लगे मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण हुआ सम्पन्न

अयोध्या। रामनगरी में आयोजित विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 में लगे समस्त मतदान कार्मिकों का पार्टीवार द्वितीय प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ l यह प्रशिक्षण दिनाँक 19 फरवरी 2022 से आज दिनाँक 22 फरवरी 2022 तक दो-दो पालियों में संचालित किया गया l इस दौरान प्रशिक्षणकर्ताओं द्वारा समस्त प्रतिभागियों को मॉकपोल, सी0आर0सी0 की प्रक्रिया, ई.वी.एम. कनेक्शन आदि सहित आयोग के निर्देशों का अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए संपूर्ण मतदान प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने हेतु बरती जाने वाली सावधानियां सहित प्रत्येक मतदान कर्मी के जिम्मेदारियों का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा मतदान कर्मियों से मॉकपोल, सी0आर0सी0 की प्रक्रिया, ई.वी.एम. कनेक्शन आदि के सम्बन्ध में प्रश्न भी पूंछें गए, जिनका प्रतिभागियों द्वारा उत्तर भी दिया गया। इस अवसर पर विगत चुनाव की मतदान प्रक्रिया में जिन नए प्रक्रियाओं को सम्मिलित किया गया है की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी श्री नितीश कुमार ने कहा कि समस्त मतदान कर्मी 26 फरवरी को समय से पार्टी रवानगी स्थल पर पहुँच कर अपनी उपस्थिति दर्ज करने के पश्चात निर्वाचन सामग्री प्राप्त कर सामग्री का मिलान दी गयी सूची से अनिवार्य रूप से करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी के प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते समय मतदान कर्मियों  से मतदान प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने संबंधित विभिन्न कार्यों संबंधी प्रश्नों को पूछा गया जिस पर प्रतिभागियों ने भी पूछें गए सवालों का सही-सही जबाब दिया। जिलाधिकारी ने सभी मतदान कर्मियों को अवांछनीय तत्वों पर विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पूरी गंभीरता के साथ उसे स्वयं निस्तारित करने का प्रयास करने तथा आवश्यकता पड़ने पर सक्षम अधिकारियों अथवा सुरक्षा कर्मियों की भी मदद लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान कर्मी मतदान के दौरान अच्छे आचरण का परिचय दें वहां पर किसी भी प्रकार की राजनीतिक पार्टी संबंधित चर्चा कोई भी कर्मचारी ना करे, निष्पक्ष होकर संपूर्ण मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराएं। प्रत्येक दशा में निर्वाचन की गरिमा को बनाए रखें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान कर्मी मतदान केंद्र पर किसी भी प्रकार का आतिथ्य किसी भी दशा में स्वीकार न करें। उन्होंने कहा कि 26 फरवरी 2022 को पार्टी रवानगी स्थल से ईवीएम प्राप्त करने से मतदान कराने तदोपरांत ईवीएम को जमा करने तक ईवीएम के सुरक्षा की संपूर्ण जिम्मेदारी समस्त संबंधित पार्टी के मतदान कर्मियों की होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी रवानगी स्थल से मतदान स्थल तक जाने तथा वहां से ईवीएम जमा करने हेतु मतदान स्थल तक आने तक निर्धारित सरकारी वाहन का ही प्रयोग करें, किसी भी दशा में प्राइवेट अथवा निजी वाहन का प्रयोग न करें।  उन्होंने सभी पीठासीन अधिकारियों को निर्देश पुस्तिका मतदान के पूर्व भली- भांति अध्ययन कर लेने के निर्देश दिए तथा पीठासीन अधिकारी सहित समस्त मतदान कर्मियों व मतदान प्रक्रिया से जुड़े समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आयोग के निर्देशानुसार समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा समस्त प्रक्रियाओं को चुनाव आयोग के निर्देशों का अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए सकुशल संपन्न कराए जाएं। तदोपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदान कर्मियों द्वारा पोस्टल बैलट के माध्यम से विधानसभा वार किए जा रहे मतदान का भी निरीक्षण किया तथा समस्त मतदान कर्मियों से अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अनीता यादव ने की मतदान कर्मियों के मतदान से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *