मध्य वेनेजुएला में एक भीषण भूस्खलन के कारण मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 43 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक कम से कम 43 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। उन्होंने मृतक संख्या और बढ़ने की आशंका भी जताई, क्योंकि अब भी 56 लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि लास तेजेरियास में भूस्खलन के कारण 300 से अधिक मकान, 15 कारोबारी प्रतिष्ठान और एक स्कूल तबाह हो गया। लास तेजेरियास में कई पहाड़ी इलाकों में तूफान ‘जूलिया’ के कारण मूसलाधार बारिश हुई, जिससे बाढ़ आ गई और मिट्टी धंस गई।
जर्मनी के दक्षिणपंथी नेता ने होलोकॉस्ट मेमोरियल पर ‘डांस’ किया
जर्मनी में इस्राइली राजदूत रॉन प्रोसोर ने बर्लिन के होलोकॉस्ट मेमोरियल पर कथित तौर पर ‘डांस’ करने को लेकर दक्षिणपंथी दल ‘ऑल्टरनेटिव फॉर जर्मनी’ के एक सदस्य की आलोचना की है। प्रोसोर ने कहा, दक्षिणपंथी नेता होल्गर विंटरस्टीन ने खुद को और अपनी पार्टी को शर्मिंदा किया है।
सोशल मीडिया पर साझा एक तस्वीर में विंटरस्टीन को बर्लिन में होलोकॉस्ट मेमोरियल (नाजी नरसंहार के शिकार 60 लाख से अधिक यहूदियों की याद में बनाया गया स्मारक) पर लगे पत्थर के एक स्लैब के साथ बाहें फैलाकर डांस करते दिख रहे हैं।
जर्मन मीडिया ने दावा किया है कि यह तस्वीर शनिवार को दक्षिणपंथी उदारवादी राजनीतिक दल ‘ऑल्टरनेटिव फॉर जर्मनी’ द्वारा आयोजित एक विरोध-प्रदर्शन के बाद ली गई थी। ‘ऑल्टरनेटिव फॉर जर्मनी’ ने कहा था कि पार्टी विंटरस्टीन के ‘बेहद अपमानजनक व्यवहार’ के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
पाकिस्तानी सेना में बड़ा फेरबदल
पाकिस्तान की सेना में उच्चस्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। 12 मेजर जनरलों को पदोन्नत कर लेफ्टिनेंट जनरल बना दिया गया है। इससे नवंबर के अंत में सेनाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर दिलचस्पी बढ़ गई है।
डॉन अखबार की खबर के मुताबिक, ताजा प्रोन्नति को सेनाध्यक्ष जनरल कमर जावेद बाजवा का सेवानिवृत्ति से पहले अहम फैसला माना जा रहा है। प्रोन्नति पाने वाले इन 12 अधिकारियों को नए सेनाध्यक्ष की टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा बनने का मौका मिलेगा।

