शिकायत निस्तारण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: मंडलायुक्त
ऽ पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाएं, शिकायतों का हो गुणवत्तापूर्ण निस्तारण
ऽ मंडलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य के निर्देश
बाराबंकी। आयुक्त अयोध्या मंडल राजेश कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की मंडलीय समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्वक पूरा कराया जाए। मंडलायुक्त ने सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र परिवार को उसकी पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। लाभार्थियों की कार्यवाही और प्रगति की पोर्टल पर अनिवार्य रूप से रिपोर्टिंग कराई जाए। उन्होंने कहा कि अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। जनता की शिकायतों के निस्तारण पर जोर देते हुए उन्होंने जिलाधिकारियों और जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्धारित समय पर नियमित जनता दर्शन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता न हो, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप वास्तविक समाधान किया जाए। परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने बजट के अभाव में प्रभावित और लंबित परियोजनाओं की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। जिन परियोजनाओं की समयसीमा पूरी होने वाली है, उनमें पर्याप्त मैनपॉवर और संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा पूर्ण परियोजनाओं और सड़कों को शीघ्र संबंधित विभागों को हस्तांतरित कराने को कहा। उन्होंने नए पेंशनरों का सत्यापन शीघ्र पूरा कराने तथा सामूहिक विवाह योजना की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, पशुपालन, उद्यान, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन अजयकान्त सैनी, जिलाधिकारी बाराबंकी ईशान प्रताप सिंह, जिलाधिकारी अयोध्या शशांक त्रिपाठी, जिलाधिकारी अंबेडकरनगर ईशा प्रिया, जिलाधिकारी सुलतानपुर इंद्रजीत सिंह, सभी मुख्य विकास अधिकारी और मंडल स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

