सपा का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिला,2 लाख की आर्थिक सहायता सौंपी
जौनपुर ,27 मार्च।यूपी के जौनपुर स्थित मल्हनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत फूलपुर गांव में हाल ही में हुई एक दुखद घटना के बाद समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने शुक्रवार को उनके घर पहुंचा। गांव निवासी ललई यादव की दबंगों द्वारा कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर गठित प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष राकेश मौर्य के नेतृत्व में पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में मल्हनी के विधायक लकी यादव, पूर्व विधायक मोहम्मद अरशद खान, सदर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, मल्हनी विधानसभा अध्यक्ष निजामुद्दीन सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और अखिलेश यादव की ओर से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। इस मौके पर जिला अध्यक्ष राकेश मौर्य, विधायक लकी यादव और पूर्व विधायक मोहम्मद अरशद खान ने संयुक्त रूप से कहा कि समाजवादी पार्टी हर पीड़ित के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी “पीडीए” (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के हर वर्ग के हितों के लिए प्रतिबद्ध है।

