पाली (हरदोई) माह ए पाक रमजान के बाद शुक्रवार को ईद उल फितर के मौके पर नगर की प्रमुख मस्जिदें अकीदतमंदो से गुलजार रही। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सामूहिक नमाज अदा कर अल्लाह से अमन चैन की दुआ मांगी।
ईद उल फितर के मौके पर शुक्रवार को पाली नगर की जामा मस्जिद, कादरी मस्जिद, रिसालदार मस्जिद, बाबरी मस्जिद, ठेकी वाली मस्जिद, समेत नगर की प्रमुख मस्जिदों मे भारी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पहुंचकर नमाज अदा कर अमन चैन की दुआ की। कहते हैं माह ए पाक रमजान के बाद जब चांद दिखता है ईद की तस्दीक़ होती है जिसे ईद उल फितर के नाम से जानते हैं। इस दिन अकीदतमंद अल्लाह से अमन चैन और आपसी भाईचारे को कायम रखने की दुआ करते हैं। इस मौके पर शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये।

