(होशियारपुर)2027 की जीत के लिए अभी से एकजुट होकर जुटें कांग्रेस कार्यकर्ता : सूरज ठाकुर
एआईसीसी सचिव ने होशियारपुर जिले में वर्करों और नेताओं से लिया फीडबैक, दिए दिशा निर्देश
अक्तूबर महीने में करेंगे होशियारपुर जिले की सभी सीटों पर प्रवास, करेंगे व्यक्तिगत मीटिंगें
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ 28 सितंबर को होशियारपुर कांग्रेस कार्यालय में होगा धरना-प्रदर्शन: डैनी बंडाला
होशियारपुर ,27 सितंबर ,(आरएनएस)। पंजाब कांग्रेस कमेटी के को-प्रभारी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सूरज ठाकुर ने शनिवार को होशियारपुर जिला कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आपसी मनमुटाव भुलाकर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा। पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुखविंदर सिंह डैनी बंडाला और कार्यकारी अध्यक्ष संगत सिंह गिलजियां खास तौर पर इस मीटिंग में शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए सूरज ठाकुर ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने जिला पदाधिकारियों, ब्लॉक प्रधानों और कार्यकर्ताओं से हलका स्तर की विस्तृत रिपोर्ट ली, उनका फीडबैक सुना और संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अलग-अलग बैठकर चर्चा भी की। उन्होंने वर्करों और नेताओं को विश्वास दिलाया कि वह अक्तूबर में तीन दिन का प्रवास करेंगे। होशियारपुर जिले के सभी हलकों में जाकर उनसे मुलाकात करेंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जनता के बीच लगातार सक्रिय रहकर कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाए, ताकि 2027 के चुनाव में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ मैदान में उतरे। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग आम आदमी पार्टी की सरकार से तंग आ चुके हैं। वह कांग्रेस की सरकार बनाना चाहते हैं। कांग्रेस भारी बहुमत के साथ दोबारा पंजाब में सरकार बनाने जा रही है।
पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुखविंदर सिंह डैनी बंडाला ने बैठक के दौरान यह भी घोषणा की गई कि 28 सितंबर को होशियारपुर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भाग लेंगे। सभी वर्करों को इस धरने को सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर लोकसभा उम्मीदवार यामिनी गौमर, पूर्व विधायक पवन आदिया, पूर्व विधायक अरुण डोगरा मिक्की, जिला कांग्रेस अध्यक्ष दलजीत सिंह गिलजियां, अमरप्रीत सिंह लाली तथा एडवोकेट रोहित जोशी सहित कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
00

