अंतरिक्ष की उड़ान भर रहे रॉकेट का बूस्टर क्रैश, धरती पर लौट आया कैप्सूल, जनहानि नहीं

अमेरिका के बड़े रईसों में शुमार जेफ बेजोस की अंतरिक्ष की सैर कराने वाली कंपनी ब्लू ओरिजिन को सोमवार को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब उसके द्वारा छोड़ा गया न्यू शेपर्ड रॉकेट का (Blue Origin rocket booster) बूस्टर दुर्घटना का शिकार हो गया। हालांकि इसका कैप्सूल बच गया और यह सुरक्षित रूप से धरती पर लौट आया। चूंकि यह पेलोड मिशन था, इसलिए इसमें कोई अंतरिक्ष यात्री सवार नहीं था। लेकिन कंपनी के अंतरिक्ष पर्यटन के लिए यह एक आघात माना जा रहा है।

ब्लू ओरिजिन ने बताया कि वेस्ट टेक्सास में कंपनी के प्रक्षेपण स्थल से सोमवार को सुबह 8.30 बजे न्यू शेपर्ड रॉकेट लांच किया गया था। इसमें कोई अंतरिक्ष यात्री नहीं था, क्योंकि यह एक पेलोड मिशन था। ब्लू ओरिजिन ने ट्वीट कर इस हादसे के बारे में जानकारी दी। कंपनी ने बताया कि रॉकेट की उड़ान के दौरान बूस्टर के फेल होते ही ‘कैप्सूल एस्केप सिस्टम‘ यानी कैप्सूल को बचाने वाला तंत्र सक्रिय हो गया और उसने कैप्सूल को बूस्टर से अलग कर दिया। इसके बाद कैप्सूल सुरक्षित धरती पर उतर गया। बूस्टर ने जमीन को प्रभावित किया। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

न्यू शेपर्ड रॉकेट का यह 23 वां मिशन था। इसका नाम अंतरिक्ष में पहले अमेरिकी के नाम पर रखा गया था। ब्लू ओरिजिन का फेल होने वाला यह पहला मिशन है। कंपनी ने इस हादसे का एक छोटा वीडियो भी साझा किया है। एनएस-23 नामक यह मिशन अगस्त में लांच किया जाने वाला था, लेकिन खराब मौसम के कारण इसकी उड़ान रोक दी गई थी।

अंतरिक्ष पर्यटन के लिए धक्का
यह घटना ब्लू ओरिजिन और अमेरिका में तेजी से उभरते अंतरिक्ष पर्यटन उद्योग के लिए एक झटका है। ब्लू ओरिजिन ने पिछले साल अंतरक्षि की सैर के लिए उड़ानें शुरू की थीं। इनसे अब तक 32 यात्रियों ने तय मूल्य पर अंतरिक्ष की सैर की है। इन यात्रियों में कंपनी के संस्थापक जेफ बेजोस और स्टार ट्रेक के विलियम शैटनर शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *