कई प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रभावी कदम उठाने में सरकार विफल – प्रियंका गुप्ता
(डॉ अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या।नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं, पेपर लीक और परीक्षा प्रबंधन की विफलताओं को लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता ने कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन पर पत्रकार वार्ता की।प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2015 से लेकर हाल के वर्षों तक कई बार नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों और पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद केंद्र सरकार और संबंधित संस्थाओं द्वारा प्रभावी सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए।कांग्रेस पार्टी लगातार शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्रों के हितों की रक्षा की मांग करती रही है।कांग्रेस पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता ने कहा कि हाल ही में आयोजित नीट परीक्षा को लेकर देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच गहरी चिंता व्याप्त है। परीक्षा प्रणाली में खामियों के कारण छात्रों को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में परिवारों की बड़ी आर्थिक भागीदारी होती है, ऐसे में किसी भी प्रकार की अनियमितता सीधे तौर पर युवाओं के भविष्य पर प्रहार है।प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया “छात्रों की गूंज” अभियान देशभर के छात्रों की आवाज़ को सुनने, उनकी समस्याओं को समझने और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार के लिए सुझाव एकत्रित करने का प्रयास है। कांग्रेस पार्टी का मानना है कि शिक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जो युवाओं को अवसर प्रदान करे, उन पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न डाले और उन्हें सुरक्षित एवं निष्पक्ष प्रतियोगी वातावरण उपलब्ध कराए।
जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते निजीकरण, सरकारी विद्यालयों की उपेक्षा, शिक्षकों के रिक्त पद तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां गंभीर चिंता का विषय हैं।महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं और अभिभावकों के साथ खड़ी है तथा निष्पक्ष, पारदर्शी और सुलभ शिक्षा व्यवस्था के लिए अपनी आवाज़ बुलंद करती रहेगी। उन्होंने प्रदेश के छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि वे शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने की इस मुहिम में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।जिला कांग्रेस प्रवक्ता शीतला पाठक ने कहा पिछले 12वर्षों में 23 राष्ट्रीय परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं लेकिन सरकार ने किसी भी परीक्षा लीक की एफ आई आर नहीं लिखाई इसी से सरकार की संलिप्तता दर्शाती है।प्रमुख रूप से पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप, सिंह ,पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास वर्मा, जिला अध्यक्ष रेनू राय,पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, धर्मेंद्र सिंह फास्टर ,मोहम्मद आमिर, अशोक राय उपस्थित रहे।

