किसान दिवस में किसानों की समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर दिया गया जोर
(राजन तिवारी सिटी रिपोर्टर)
अयोध्या।जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (एल.ओ.) इंद्रकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया।बैठक में जनपद के प्रगतिशील किसानों ने प्रतिभाग कर कृषि एवं किसान हित से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को प्रस्तुत किया।
बैठक के दौरान उप कृषि निदेशक द्वारा किसानों को उर्वरकों, विशेषकर यूरिया खाद की उपलब्धता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए बताया कि जनपद में यूरिया खाद की पर्याप्त उपलब्धता है तथा किसी प्रकार की कमी नहीं है।
किसान दिवस में गत माह प्राप्त शिकायतों एवं प्रकरणों को बिंदुवार पढ़कर उनकी समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों द्वारा उनके निस्तारण की जानकारी प्रस्तुत की गई। किसानों द्वारा उठाई गई वर्तमान समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया तथा उनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।बैठक की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी (एल.ओ.) ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान हित से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।बैठक में उपनिदेशक कृषि पीके कन्नौजिया संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित
रहे।

