कृषि विवि के निखिल को देशभर में चौथा व विक्रम को दसवां स्थान
-आई.सी.ए.आर द्वारा आयोजित अखिल भारतीय प्रवेश परीक्षा में मिली सफलता, कुलपति ने दी बधाई
अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा आयोजित अखिल भारतीय परास्नातक प्रवेश परीक्षा-2026 (ए.आई.ई.ई.ए) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। पशुपालन संकाय में विश्वविद्यालय के छात्र निखिल मौर्या ने देशभर में चौथा तथा विक्रम बिसेन ने 10वां स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कुलपति ने कहा कि अखिल भारतीय स्तर की इस परीक्षा में बेहतर रैंक हासिल करना विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और शैक्षणिक क्षमता का प्रमाण है। इस सफलता के बाद इन छात्रों को देशभर के उच्च शिक्षण एवं शोध संस्थानों में परास्नातक शिक्षा के लिए प्रवेश के साथ-साथ विद्यार्थियों को नियमानुसार फेलोशिप का लाभ भी मिल सकेगा, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा के साथ शोध कार्य को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। निखिल मौर्या और विक्रम बिसेन ने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावकों के सहयोग, गुरुजनों के मार्गदर्शन तथा स्वयं की मेहनत और लगन को दिया। इस मौके पर अधिष्ठाता डा. नमिता जोशी, लीगल सेल प्रभारी डा. रुद्र प्रताप सिंह, डीएसडब्ल्यू डा.डी.नियोगी, निदेशक प्लेसमेंट सेल डा. सत्यव्रत सिंह, सह अधिष्ठाता डा. जे.पी. सिंह मौजूद रहे।

