खाद बदलने के विवाद में किसान से मारपीट का आरोप, डीएम से लगाई न्याय की गुहार
जौनपुर, 5 अगस्त। यूपी के जौनपुर में तेजीबाजार थाना क्षेत्र स्थित हैदरपुर की चितौड़ी सहकारी समिति में खाद बदलने को लेकर हुए विवाद में एक किसान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने बुधवार को जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। मामले में तेजीबाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पीड़ित किसान भरत विश्वकर्मा का आरोप है कि वह तीन अगस्त को चितौड़ी सहकारी समिति से खाद लेने गए थे। इस दौरान उन्हें फटी हुई और सीलनयुक्त खाद की बोरियां दी गईं। जब उन्होंने खाद बदलने का अनुरोध किया तो समिति के सचिव संतोष सिंह और राजेंद्र प्रसाद सिंह ने उनके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
किसान का आरोप है कि विरोध करने पर दोनों आरोपित उन्हें खींचकर एक घर में ले गए, जहां रॉड, लाठी और डंडों से मारपीट की गई। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई।
भरत विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अभी तक किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।इस मामले में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी सदर परमानन्द कुशवाहा ने कहा कहना है कि दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

