गाजियाबाद के मोदीनगर में पंचायत में कथित अपमान के बाद युवती ने की आत्महत्या, परिजनों का हंगामा, कार्रवाई की मांग

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र स्थित किदवई नगर कॉलोनी में एक युवती की आत्महत्या के बाद तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि पंचायत के दौरान कथित रूप से अपमानित किए जाने से आहत होकर युवती ने यह कदम उठाया। घटना के बाद बुधवार को शव के पोस्टमार्टम से लौटने पर परिवार और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, युवती की कॉलोनी के ही एक युवक से बातचीत होती थी। कुछ दिन पहले युवक के लापता होने पर उसके परिजनों ने युवती पर संदेह जताया। इस मामले को लेकर एक पंचायत आयोजित की गई थी। आरोप है कि पंचायत के दौरान युवक के परिजनों ने युवती के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे अपमानजनक बातें कहीं।
परिजनों का कहना है कि इस घटना से युवती मानसिक रूप से बेहद आहत हो गई थी। मंगलवार रात उसने अपने घर में आत्महत्या कर ली। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम करने का प्रयास किया, जिसे रोकने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी तथा धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
मृतका के परिवार का आरोप है कि पंचायत में हुए कथित दुर्व्यवहार और सार्वजनिक अपमान के कारण युवती ने यह कदम उठाया। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जिस युवक को लापता बताया जा रहा था, वह दो दिन पहले कॉलोनी लौट आया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक को एक मामले में पूछताछ के लिए गाजियाबाद पुलिस अपने साथ ले गई थी। युवक के वापस आने की जानकारी युवती को मिल चुकी थी, लेकिन परिजनों का आरोप है कि पंचायत में हुई कथित बेइज्जती का असर उस पर गहरा पड़ा था।
एसीपी मोदीनगर के अनुसार, मृतका के भाई की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *