ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फर्नीचर फैक्ट्री में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का घना गुबार करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल ने बताया कि साइट-4 स्थित प्लॉट संख्या 534-सी में संचालित एसएस फर्नीचर सोफा होम में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। फैक्ट्री में सोफा और अन्य फर्नीचर निर्माण का कार्य किया जाता है, जिसके कारण अंदर रखी ज्वलनशील सामग्री ने आग को तेजी से फैलने में मदद की।
दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे हुए थे, तभी फैक्ट्री का टिनशेड अचानक भरभराकर गिर गया। हालांकि सभी कर्मचारी सतर्क थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और दमकलकर्मी बाल-बाल बच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वैशाली फायर स्टेशन से अतिरिक्त वाटर ब्राउजर भी मौके पर भेजे गए।
आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए प्रशासन ने जेसीबी मशीन की सहायता ली। गिर चुके टिनशेड और मलबे को हटाकर दमकल कर्मियों ने अंदर तक पहुंच बनाई और आग को पूरी तरह बुझाया। अधिकारियों के अनुसार समय रहते कार्रवाई होने से आसपास स्थित आवासीय भवनों तक आग फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
लाखों रुपये का नुकसान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में फैक्ट्री में रखा फर्नीचर, कच्चा माल, एक हुंडई वेन्यू कार और एक मोटरसाइकिल जलकर नष्ट हो गए। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
अग्निशमन विभाग की शुरुआती जांच में आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। फैक्ट्री मालिक मोहम्मद सादुल को घटना की जानकारी दे दी गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

