गाजियाबाद में रोडवेज बस पलट जाने से हुआ हादसा , 6 यात्री हुए घायल

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद में सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब ऋषिकेश डिपो की रोडवेज बस पलट गई। बस में चालक और परिचालक समेत 19 यात्री सवार थे। हादसे में छह यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
यह दुर्घटना शहर कोतवाली क्षेत्र में नए बस अड्डे के पास सुबह करीब 3:15 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के ऋषिकेश से दिल्ली के आईएसबीटी जा रही रोडवेज बस फ्लाईओवर पर चढ़ने से पहले अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस चालक ने गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक को बचाने का प्रयास किया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायल यात्रियों को नंदनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के समय बस की रफ्तार अधिक नहीं थी, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
बस में सवार अधिकांश यात्री दिल्ली, इंदिरापुरम और कौशांबी क्षेत्र के निवासी थे, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। अन्य यात्रियों को पुलिस की मदद से दूसरी रोडवेज बस के माध्यम से उनके गंतव्य तक रवाना किया गया।
हादसे में बस के आगे, पीछे और साइड के शीशे टूट गए, जिनके टुकड़े सड़क पर बिखर गए। पुलिस ने बाद में क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *