ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय -के साथ राजेश कुमार
नोएडा। सेक्टर-73 स्थित महादेव अपार्टमेंट में बुधवार शाम उस समय खुशी और गर्व का माहौल बन गया, जब ब्लॉक-36 निवासी श्री लीलाधर जी की सुपुत्री शिवी चंदेल के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होने की जानकारी मिली। शिवी की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पूरी सोसाइटी ने एकजुट होकर उनका भव्य अभिनंदन किया।
सोसाइटी के मंदिर परिसर के सामने आयोजित सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में निवासियों ने शिवी का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान पूरे परिसर में ‘भारत माता की जय’ के जयकारे गूंजते रहे। खुशी के अवसर पर निवासियों ने मिठाइयां और लड्डू बांटकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया तथा शिवी और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं।
समारोह में निवासियों ने शिवी के साथ-साथ उनके माता-पिता को भी उनकी मेहनत, संस्कार और शानदार परवरिश के लिए बधाई दी। लोगों ने कहा कि शिवी की सफलता पूरी सोसाइटी के लिए गर्व का विषय है और उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
निवासियों ने शिवी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि क्षेत्र के युवा इसी तरह विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करते रहें।

