ग्रेटर नोएडा में युवक की जेब में फटा मोबाइल, दोनों हाथ और शरीर का निचला हिस्सा झुलसा

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में दनकौर कोतवाली क्षेत्र के पीपलका गांव निवासी 26 वर्षीय मोहम्मद माजिद के साथ गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर उस समय गंभीर हादसा हो गया, जब उनकी जेब में रखा मोबाइल अचानक गर्म होने के बाद जोरदार धमाके के साथ फट गया। हादसे में माजिद के दोनों हाथ और शरीर का निचला हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, घटना 8 अगस्त की रात करीब 8 बजे की है। माजिद गाजियाबाद से दनकौर लौटने के लिए रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे। इसी दौरान उनकी जेब में रखा मोबाइल अचानक गर्म होने लगा। कुछ ही सेकंड बाद मोबाइल में तेज धमाका हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक की मदद की और उसे अस्पताल पहुंचाया।
माजिद के मुताबिक, मोबाइल में धमाका इतना तेज था कि उनकी जेब और कपड़ों में आग लग गई, जिससे उनके दोनों हाथों समेत शरीर के निचले हिस्से पर गंभीर जलने की चोटें आईं।
परिजनों ने बताया कि माजिद ने यह मोबाइल करीब एक महीने पहले ही खरीदा था। इतने कम समय में मोबाइल के इस तरह फटने की घटना से परिवार भी हैरान है। पीड़ित ने मोबाइल की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
माजिद का कहना है कि यदि मोबाइल जेब में फटने के दौरान आसपास कोई अन्य व्यक्ति या ज्वलनशील वस्तु होती, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। उन्होंने मोबाइल कंपनी और संबंधित विक्रेता से घटना की जिम्मेदारी तय करने तथा मामले की उचित जांच कराने की मांग की है।
घटना के बाद मोबाइल की सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर लोगों में भी चिंता का माहौल है। पीड़ित परिवार मामले में संबंधित कंपनी की ओर से उचित कार्रवाई और जवाब की प्रतीक्षा कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *