चकमार्ग निर्माण की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा किसान, प्रशासन ने शुरू कराया निर्माण कार्य
जौनपुर,18 जून । यूपी के जौनपुर स्थित खुटहन थाना क्षेत्र के शेख असरखपुर गांव में गुरुवार को चकमार्ग निर्माण की मांग को लेकर एक किसान मोबाइल टावर पर चढ़ गया। किसान ने चेतावनी दी कि यदि उसी दिन चकमार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
गांव निवासी सतीश कुमार यादव का आरोप है कि गांव के मुख्य मार्ग से जुड़ा लगभग 400 मीटर लंबा चकमार्ग राजस्व अभिलेखों में दर्ज है, लेकिन कुछ लोगों ने उसे जोतकर अपने खेतों में मिला लिया है। उनका कहना है कि वह पिछले एक वर्ष से चकमार्ग खाली कराने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
गुरुवार सुबह करीब सात बजे सतीश कुमार यादव नहर के पास स्थित मोबाइल टावर पर करीब 50 फीट ऊंचाई तक चढ़ गए। सूचना मिलते ही एसडीएम शाहगंज कुणाल गौरव, क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार, लेखपाल, पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर फायर ब्रिगेड कर्मियों ने टावर के नीचे जाल और गद्दे बिछा दिए।
करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन ने मौके पर चकमार्ग की पैमाइश कराई और जेसीबी मशीन लगाकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। प्रशासन की कार्रवाई के बाद किसान टावर से सुरक्षित नीचे उतर आया।
किसान के सकुशल नीचे आने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। एसडीएम कुणाल गौरव ने बताया कि चकमार्ग से संबंधित मामले का नियमानुसार समाधान कराया
जाएगा।

