जनता दर्शन में डीएम ने शिकायत सुन निराकरण के लिए अधिकारियों को दिये निर्देश
(राजेश श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ)
अयोध्या।डीएम शशांक त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं।इस दौरान खसरा-खतौनी में नाम त्रुटि, भूमि विवाद, जल निकासी,आपसी मारपीट, रसोई गैस, सड़क,पेयजल सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं।जिसको लेकर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने अधिशासी अभियंता, निर्माण खण्ड को निर्देश दिया कि जहां भी सड़कों की स्थिति खराब है, उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। जनता दर्शन में उन्होंने डीसी मनरेगा को निर्देशित किया कि तालाबों में पानी भरवाया जाए, ताकि गर्मी के मौसम में पशुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी लाभार्थियों को समय से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।इसके अतिरिक्त, जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया गया कि आश्रम पद्धति विद्यालयों का संचालन नियमित रूप से हो तथा वहां भोजन की गुणवत्ता और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।जिलाधिकारी ने कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

