जन औषधि केंद्र का उद्घाटन, सीएचसी की बदहाल व्यवस्थाओं पर विधायक से सवाल
अखंडनगर/सुल्तानपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर परिसर में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का उद्घाटन बुधवार को कादीपुर विधायक राजेश गौतम ने किया। उद्घाटन के बाद विधायक ने अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय पत्रकारों ने सीएचसी में लंबे समय से बनी समस्याओं को लेकर विधायक का ध्यान आकृष्ट कराया। वरिष्ठ पत्रकार उदय भान सिंह, बबलू सिंह, अनुराग त्रिपाठी, संतोष कुमार और नरेश कुमार ने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध न होने का मुद्दा उठाया। पत्रकारों ने कहा कि अल्ट्रासाउंड के लिए गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है।
इसके अलावा सीएचसी में करीब दो वर्षों से पड़ी पीओसीटी मशीन के अब तक इंस्टॉल न होने का मामला भी उठाया गया। मशीन का संचालन शुरू न होने से मरीजों को आवश्यक जांच के लिए निजी पैथोलॉजी केंद्रों पर जाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और पत्रकारों की शिकायतों को विधायक राजेश गौतम ने गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि वह सीएमओ सुल्तानपुर से वार्ता कर पीओसीटी मशीन को शीघ्र चालू कराने तथा अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि विधायक के हस्तक्षेप के बाद सीएचसी में लंबित स्वास्थ्य सुविधाएं जल्द बहाल होंगी और क्षेत्र की जनता को जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

