जौनपुर :थानों की एन्टीरोमियो पुलिस टीम” द्वारा जनपद के नगर/ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर बहु-बेटी सम्मेलन के तहत छात्राओं महिलाओं को किया गया जागरूक
जौनपुर:महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में “थानों की एन्टीरोमियो टीम” द्वारा नगर/ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर बहु-बेटी सम्मेलन कर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान टीम द्वारा छात्राओं एवं महिलाओं को उनकी सुरक्षा से संबंधित अधिकारों, महिला हेल्पलाइन नम्बर 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला सहायता हेल्पलाइन 181 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव एवं किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने हेतु प्रेरित किया गया।
एन्टीरोमियों पुलिस टीम ने छात्राओं एवं महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना तथा उन्हें आश्वस्त किया कि जौनपुर पुलिस उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है। टीम द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर मौजूद व्यक्तियों को भी महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
जौनपुर पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है तथा इस प्रकार के जागरूकता अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से संचालित किए जाते रहेंगे।

