डीएम के आदेश के बाद भी खलिहान की भूमि से नहीं हटा अतिक्रमण, पीड़ित ने फिर लगाई न्याय की गुहार

डीएम के आदेश के बाद भी खलिहान की भूमि से नहीं हटा अतिक्रमण, पीड़ित ने फिर लगाई न्याय की गुहार

जौनपुर। बदलापुर तहसील क्षेत्र के राजेपुर गांव निवासी रामप्रताप सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि सरकारी खलिहान की भूमि पर वर्षों से अवैध कब्जा बरकरार है। उनका कहना है कि जिलाधिकारी के निर्देश और तहसीलदार के बेदखली आदेश के बावजूद अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम राजेपुर की आराजी संख्या 9मि/0.384 हेक्टेयर, जो राजस्व अभिलेखों में खलिहान के रूप में दर्ज है, उस पर कई लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया है। मामले की पैमाइश लेखपाल द्वारा कराई गई थी, जिसके बाद उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 67 के तहत वाद दर्ज किया गया।
पीड़ित का आरोप है कि तहसीलदार बदलापुर ने विभिन्न वादों में बेदखली के आदेश पारित किए थे। 28 नवंबर 2023 को जारी आदेश में भी सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया गया था, लेकिन आज तक आदेश का पालन नहीं कराया गया।
रामप्रताप सिंह का कहना है कि तहसील प्रशासन अपने ही आदेश को लागू कराने में विफल साबित हो रहा है, जिससे सरकारी खलिहान की भूमि पर अवैध कब्जा यथावत बना हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर तत्काल अतिक्रमण हटवाने, आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों एवं कब्जाधारकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *