नई दिल्ली में सावन के दूसरे सोमवार को झंडेवाला देवी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 45 हजार श्रद्धालुओं ने किया भगवान शिव का जलाभिषेक

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नई दिल्ली : नई दिल्ली में सावन मास के दूसरे सोमवार को झंडेवाला देवी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दिनभर भक्तों का मंदिर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। अनुमान के अनुसार, आज करीब 45 हजार श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर विशेष रूप से मंदिर के ऊपरी शिवालय में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भगवान शंकर को जल अर्पित किया। भक्तों की आस्था और उत्साह के चलते पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा।
झंडेवाला देवी मंदिर में सावन मास के प्रथम दिन से ही गुफा वाले शिवालय में प्रतिदिन पांच परिवारों द्वारा रुद्राभिषेक किया जा रहा है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, रुद्राभिषेक के लिए कई महीने पहले ही बुकिंग हो जाती है। सोमवार को भगवान शिव का विशेष दिन माना जाता है, इसलिए सावन के सोमवार का धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है। मान्यता है कि सावन में भगवान शिव की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
श्रद्धालुओं को सुचारू रूप से दर्शन कराने और उन्हें आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में सेवादारों की तैनाती की गई। मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए खीर के प्रसाद का भी वितरण किया गया।
सावन के दूसरे सोमवार पर मंदिर में उमड़ी भारी भीड़ ने एक बार फिर भगवान शिव के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और भक्ति को प्रदर्शित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *