नागरिक सुरक्षा के नवसृजित जनपद के नवनियुक्त स्वयंसेवक हुए प्रशिक्षित
उत्तर प्रदेश सिविल डिफेंस के लखनऊ स्थित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण संस्थान पर गत 12 दिनों से चल रहा सिविल डिफेंस बेसिक ओरिएंटेशन कोर्स सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। संस्थान की कमांडेंट पीसीएस अधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाणपत्र सफल प्रशिक्षार्थियों को प्रदान किए गए।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार प्रदेश के सभी जनपदों में नागरिक सुरक्षा विभाग कार्य करने लगा है। स्वयंसेवक आधारित विभाग में सभी नगरों में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की अवैतनिक भर्तियां की गई हैं। इन्हीं में से 7 नवसृजित जनपद उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, सुलतानपुर, हरदोई, सीतापुर, गोण्डा के नवनियुक्त स्वयंसेवकों को कार्य की जानकारी हेतु प्रशिक्षण के लिए लखनऊ भेजा गया था।
प्रशिक्षण संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी योगेश कुमार की देखरेख में प्रशिक्षण चलाया गया। इस दरमियान बरेली सिविल डिफेंस के उपनियंत्रक राकेश कुमार मिश्रा, कानपुर सिविल डिफेंस के वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक विष्णु कुमार शर्मा, लखनऊ सिविल डिफेंस के वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक मनोज वर्मा, बीकेटी प्रखंड के डिविजनल वार्डेन रमेश सिंह चौहान व अग्निशमन विभाग के लीडिंग फायरमैन ब्रजेश कुमार शुक्ला ने प्रशिक्षार्थियों को सिविल डिफेंस इतिहास, सिविल डिफेंस के आधारभूत ढांचे, आग, प्राथमिक चिकित्सा, रेस्क्यू, और आपदा के बारे में गहराई से जानकारी के साथ साथ सीपीआर, पट्टियों का इस्तेमाल, अग्निशमन यंत्र चलाना, कैजुअलिटी लोडिंग, अनलोडिंग, क्षतिग्रस्त भवनों में प्रवेश आदि का अभ्यास भी कराया।
प्रशिक्षण में जनपद उन्नाव से अमित कुमार श्रीवास्तव, शिव प्रसाद, प्रमोद कुमार, सुश्री नीलम, प्रियंका, जनपद रायबरेली से दीपक सिंह, दिलीप, धर्मेंद्र कुमार, ऋतुराज सिंह, अरविंद कुमार, जनपद सुलतानपुर से विनय सेन, मुकेश अग्रहरि, राज कुमार सोनकर, बाराबंकी से विजयकांत वर्मा, सुश्री रुचि वर्मा, शिवानी वर्मा , कोमल, धर्मेंद्र कुमार वर्मा, सीतापुर से वीर अर्जुन, प्रवीन कुमार, आशीष कुमार, संदीप कुमार, भूपेंद्र सिंह, हरदोई से पुनीत कुमार, महेश, जयप्रकाश दीक्षित, मो. जाहिद, संदीप बाजपेई, सुश्री अलका देवी और गोंडा से दीपक सिंह, मनोज कुमार, वैभव मौर्य व कृष्ण गोपाल आर्य ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।

