निःशुल्क नेत्र शिविर में 160 मरीजों की हुई जांच
*मोतियाबिंद के मरीजों को ऑपरेशन के लिए वाराणसी भेजा गया
मीरजापुर। राष्ट्रवादी मंच के तत्वावधान में रविवार को लालडिग्गी स्थित कार्यालय पर निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं ऑपरेशन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आरजे शंकरा अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने 160 मरीजों के आंखों की जांच की। जांच के दौरान मोतियाबिंद के ऑपरेशन के योग्य पाए गए मरीजों को ऑपरेशन के लिए वाराणसी रवाना किया गया। मरीजों का ऑपरेशन, खानपान और आने-जाने की व्यवस्था संस्था की ओर से पूरी तरह निःशुल्क की गई है।
शिविर का शुभारंभ अपर आयुक्त विश्राम यादव ने किया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। गरीब और बेसहारा लोगों के लिए इस तरह के निःशुल्क चिकित्सा शिविर काफी मददगार साबित होते हैं। जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना हर किसी के भाग्य में नहीं होता। भगवान किसी विरले व्यक्ति को ही दूसरों की सेवा करने का यह सौभाग्य प्रदान करते हैं।
राष्ट्रवादी मंच के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर में मरीजों की आंखों की जांच से लेकर ऑपरेशन तक की पूरी व्यवस्था निःशुल्क की गई है। मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों को वाराणसी भेजा गया है। वहां उनका निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। इसके साथ ही मरीजों के खानपान और वाराणसी आने-जाने की व्यवस्था भी मंच की ओर से की गई है।
शिविर के आयोजन में सी-ए विकास मिश्रा , रवि पुरवार, मनोज दमकल, अमित पांडेय संतोष सिंह, दीपक श्रीवास्तव, हरि नारायण, मनोज पासवान, आनंद अग्रवाल, अनिल गुप्ता, रामकृष्ण गुप्ता, ओम प्रकाश अग्रहरि समेत अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

