ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा में आज 4 अगस्त को मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निभाते हुए संतुष्टि सेवा फाउंडेशन ने सेक्टर-12, नोएडा निवासी 67 वर्षीय श्री सतीश कुमार गौड़ को उपचार के लिए आवश्यक सक्शन मशीन उपलब्ध कराई। श्री गौड़ वर्तमान में गले के कैंसर से जूझ रहे हैं और उनकी गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए संस्था ने मानवीय आधार पर यह सहायता प्रदान की।
जानकारी के अनुसार, श्री सतीश कुमार गौड़ लंबे समय से गले की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। सांस लेने में अत्यधिक कठिनाई होने के कारण चिकित्सकों ने उनकी श्वास नली में ट्रेकियोस्टॉमी (Tracheostomy) कर नली लगाई है। इस नली की नियमित सफाई के लिए सक्शन मशीन अत्यंत आवश्यक होती है। हाल ही में प्राप्त चिकित्सकीय रिपोर्ट में उनके वोकल कॉर्ड (स्वर तंतु) में कैंसर की गांठ की पुष्टि हुई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उन्हें आगे के उपचार के लिए रेडियोथैरेपी कराने की सलाह दी है।
श्री गौड़ की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति एवं आर्थिक कठिनाइयों की जानकारी समाजसेवी श्री मनमोहन पोरवाल ने संतुष्टि सेवा फाउंडेशन को दी। सूचना मिलते ही संस्था ने उनके चिकित्सकीय दस्तावेजों एवं रिपोर्ट का परीक्षण किया और तत्काल सक्शन मशीन उपलब्ध कराई, जिससे उनके उपचार और दैनिक देखभाल में महत्वपूर्ण सहायता मिल सके।
इस अवसर पर संतुष्टि सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री नवीन पोरवाल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद एवं गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों तक समय पर आवश्यक सहायता पहुँचाना है। उन्होंने समाज के सक्षम एवं संवेदनशील नागरिकों से अपील की कि वे ऐसे जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आएँ, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी व्यक्ति के उपचार में बाधा न बने।
इस सेवा कार्य के दौरान फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री नवीन पोरवाल के साथ डॉ. शैलेंद्र पोरवाल, श्री सुरेंद्र गर्ग, डॉ. एस.पी. जैन, उदय सिंह, वीरेश पाल, अमन चौहान एवं सरवन गुप्ता सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने श्री सतीश कुमार गौड़ के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं सफल उपचार की कामना करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया

