पारिवारिक विवाद तंग थाने में तैनात सिपाही ने विषाक्त पदार्थ का किया सेवन, गंभीर हालत में वाराणसी रेफर
जौनपुर, 31 जुलाई।यूपी के जौनपुर के बरसठी थाने में तैनात एक सिपाही ने शुक्रवार को कथित रूप से पारिवारिक विवाद के बाद विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। लेकिंग परिजन जनपद के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज करवा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, मिर्जापुर निवासी सिपाही विवेक गौड़ पिछले दो वर्षों से बरसठी थाने में मुंशी के पद पर तैनात हैं। शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे उन्होंने अपने परिजनों से वीडियो कॉल पर बातचीत की। इसके कुछ देर बाद उन्होंने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। साथ में मौजूद एक अन्य सिपाही ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और अधिकांश पदार्थ गिरा दिया, लेकिन बताया जा रहा है कि विवेक गौड़ ने बचा हुआ कुछ हिस्सा पी लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अशोक यादव ने बताया कि सिपाही को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।हालत ठीक नहीं है। घटना से पहले सिपाही ने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर एक भावनात्मक संदेश साझा किया था, जिसमें लिखा था कि “इस जीवन में कोई नहीं अपना, सब मतलब के हैं।” पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल सिपाही का जौनपुर के निजी नर्सिंग होम में उपचार चल रहा है।वही इस मामले में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी ने बताया कि पत्नी से विवाद के कारण सिपाही ने विषाक्त पदार्थ का सेवन किया है हालात स्थिर है निजी नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है।मामले की छानबीन की जा रही है।परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं मिली है।

