पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली,एक फरार 

पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली,एक फरार

 

 

जौनपुर, 25 जून । यूपी के जौनपुर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेवढ़िया और जलालपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के मुठभेड़ के दौरान एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।

इस मामले में जानकारी लेने पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर मेरे द्वारा एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में नेवढ़िया पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए सीतमसराय की ओर भागने का प्रयास किया।

पुलिस ने तत्काल उसका पीछा किया और जलालपुर पुलिस व सीतमसराय चौकी को सूचना देकर घेराबंदी कराई। खुद को चारों ओर से घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया।

गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान अरविंद राजभर निवासी जयरामपुर, थाना मड़ियाहूं के रूप में हुई। पूछताछ में उसने फरार साथी का नाम महेश यादव निवासी महरेवं, थाना जलालपुर बताया है। पुलिस के अनुसार अरविंद के खिलाफ विभिन्न थानों में लगभग एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, कारतूस तथा एक बाइक बरामद किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही

है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *