बिहार विधानसभा उपाध्यक्ष ने बीबीएयू के गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय का किया भ्रमण
लखनऊ, (आरएनएस )। बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव के नेतृत्व में 11 अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय का अध्ययन भ्रमण किया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रातः 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक पुस्तकालय का भ्रमण कर उसके विकास, सुविधाओं, संसाधनों, कार्यप्रणाली एवं प्रबंधन की जानकारी प्राप्त की। विश्वविद्यालय पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल का स्वागत कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार, अधिष्ठाता अकादमिक मामले प्रो. एस. विक्टर बाबू, पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. सुनील गोरिया, निदेशक आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ प्रो. शिल्पी वर्मा तथा सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. ओ.पी. सैनी ने किया।भ्रमण के दौरान सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. ओ.पी. सैनी ने प्रतिनिधिमंडल को पुस्तकालय के ब्रेल अनुभाग का अवलोकन कराया तथा वहां उपलब्ध ब्रेल उपकरणों एवं सुविधाओं की जानकारी दी। पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. सुनील गोरिया ने बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं प्रतिनिधिमंडल को पुस्तकालय में संचालित रेडियो आवृत्ति पहचान प्रणाली, पुस्तकालय स्वचालन तथा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। प्रतिनिधिमंडल ने पुस्तकालय की विभिन्न सेवाओं, सुविधाओं और तकनीकी पहलों में विशेष रुचि दिखाई तथा पुस्तकालय संसाधनों के संगठन, पुस्तक निर्गमन एवं वापसी व्यवस्था और विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा शिक्षकों के लिए उपलब्ध विभिन्न उपयोगकर्ता-केंद्रित सेवाओं का अवलोकन किया।इस अवसर पर बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय की व्यवस्थाओं, सुविधाओं और आधुनिक तकनीकी पहलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पुस्तकालय का प्रबंधन और कार्यप्रणाली अत्यंत सुव्यवस्थित है। उन्होंने विशेष रूप से तकनीकी सुविधाओं, ब्रेल अनुभाग, रेडियो आवृत्ति पहचान प्रणाली तथा पुस्तकालय स्वचालन व्यवस्था की प्रशंसा की।नरेंद्र नारायण यादव ने विश्वविद्यालय परिसर के शांत, स्वच्छ एवं प्राकृतिक वातावरण की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का पूरा परिसर अध्ययन और ज्ञानार्जन के लिए अत्यंत अनुकूल एवं सकारात्मक है। परिसर का शांतिपूर्ण और प्राकृतिक वातावरण विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल प्रदान करता है। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए विकसित किए गए सुविधासंपन्न एवं सकारात्मक वातावरण की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार का अनुशासित और शांत वातावरण किसी भी उच्च शिक्षण संस्थान के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय पुस्तकालय के भौतिक आधारभूत ढांचे एवं कार्य वातावरण का भी अवलोकन किया। इस दौरान पुस्तकालय अधिकारियों के साथ पुस्तकालय प्रशासन, सेवा वितरण, तकनीक आधारित सेवाओं एवं पुस्तकालय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद हुआ। शैक्षणिक एवं विधायी पुस्तकालयों के प्रबंधन और विकास से संबंधित व्यावसायिक अनुभवों तथा संस्थागत कार्यप्रणालियों का भी आदान-प्रदान किया गया।
यह अध्ययन भ्रमण पुस्तकालय एवं सूचना सेवाओं के क्षेत्र में व्यावसायिक संवाद तथा श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। भ्रमण के माध्यम से बिहार विधान मंडल पुस्तकालय और गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय, बीबीएयू के बीच संस्थागत एवं व्यावसायिक संबंधों को और मजबूत करने का अवसर मिला तथा भविष्य में ज्ञान एवं श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान की संभावनाएं भी बनीं।

