भगत सिंह की जयंती पर आप ने प्रदेशभर में लगाया रक्तदान शिविर, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
लखनऊ, (आरएनएस )। अमर शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के आह्वान पर रविवार को प्रदेशभर में राष्ट्रसेवा के तहत विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। हमीरपुर, फतेहपुर, फिरोजाबाद, सुल्तानपुर, सहारनपुर, आगरा, गोरखपुर, हापुड़, अंबेडकरनगर, गौतमबुद्धनगर, गोंडा, बरेली, गाजीपुर, सोनभद्र और चित्रकूट समेत प्रदेश के सभी जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। लखनऊ में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के शताब्दी विभाग में आयोजित रक्तदान शिविर में जिलाध्यक्ष इरम रिजवी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।रक्तदान शिविर का उद्घाटन करते हुए जिलाध्यक्ष इरम रिजवी ने कहा कि भगत सिंह ने देश की आजादी और स्वाभिमान के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए देशभक्तों ने अपना खून बहाया था और आज हमारा दायित्व है कि जरूरतमंद लोगों की जान बचाने के लिए रक्तदान करें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि शहीदों के विचारों को समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।इरम रिजवी ने कहा कि अस्पतालों में कई बार गरीब और असहाय परिवारों को समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता। दुर्घटनाओं और गंभीर बीमारियों के मामलों में रक्त की कमी मरीजों और उनके परिवारों के लिए बड़ी समस्या बन जाती है। ऐसे समय में किसी व्यक्ति द्वारा दिया गया रक्त का एक-एक कतरा किसी जरूरतमंद की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से किया गया रक्तदान जरूरतमंद मरीजों को जीवन बचाने में मदद करेगा।उन्होंने कहा कि भगत सिंह ऐसे भारत का सपना देखते थे, जहां प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार मिले और कोई व्यक्ति भूखा या असहाय न रहे। युवाओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाजसेवा के कार्यों में आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे कार्य समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानव सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।इरम रिजवी ने बताया कि संजय सिंह के आह्वान पर प्रदेश के सभी जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर रक्तदान अभियान चलाया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए सैकड़ों यूनिट रक्तदान किया। पार्टी पदाधिकारियों ने रक्तदान करने वाले सभी युवाओं और रक्तदाताओं का आभार जताते हुए लोगों से समय-समय पर रक्तदान करने की अपील की।इस अवसर पर विवेक सिंह, विकास सिंह, माजिद, अनूप पाल, ज्ञान सिंह, जावेद, प्रेरणा, सुरभि, उमराह, उमेश, शहाना, आरिफा, शाहीन, निखत, खालिदा, गुलफिशा, माजदा, शोएब, किरन, रोहित, आफरीन, इशरत, जिया, सौम्या, सादिया, फामिदा, फराह जहां, नसरीन, मोहम्मद कलीम और रूही समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

