(भाटापारा) चेहरे पर भारी पत्थर से वार कर अधेड़ की हत्या, एफएसएल-साइबर टीम ने शुरू की जांच

(भाटापारा) चेहरे पर भारी पत्थर से वार कर अधेड़ की हत्या, एफएसएल-साइबर टीम ने शुरू की जांच
भाटापारा, 20 सितंबर (आरएनएस)। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के सिंगापुर गांव में एक अधेड़ व्यक्ति की हत्या से सनसनी फैल गई। कोदवा मार्ग स्थित इन्द्रा कॉलोनी में रविवार सुबह राजा राम उर्फ चोटी साहू (52) का शव संदिग्ध हालत में मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने भारी पत्थर से उसके चेहरे पर वार कर हत्या की है। वारदात 19 और 20 सितंबर की दरमियानी रात होने की आशंका है।
सुबह शव मिलने की सूचना पर भाटापारा एसडीओपी के नेतृत्व में भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस, पुलिस सहायता केंद्र निपनिया, एफएसएल और साइबर सेल बलौदाबाजार की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर बारीकी से निरीक्षण किया और संभावित साक्ष्य जुटाए। जांच में मृतक के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि हत्या के पीछे क्या कारण रहा और वारदात के समय मृतक के साथ कौन मौजूद था। पुलिस आसपास के इलाके में भी छानबीन कर रही है और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों तथा मृतक से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच में साइबर सेल की मदद भी ली जा रही है। पुलिस आसपास के तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी को खंगाल रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। फिलहाल हत्या की वजह और आरोपी की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बंछोर
०००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *