महज औपचारिकता तक सिमट कर रह गया मिल्कीपुर के शिक्षकों का प्रशिक्षण

मिल्कीपुर-अयोध्या। आउट ऑफ स्कूल बच्चों को आयु संगत कक्षा के अनुरूप दक्षता संवर्धन के उद्देश्य प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर के विद्यालयों के नोडल अध्यापकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण बृहस्पतिवार से मिल्कीपुर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर परिसर में एक साथ आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे तक एक भी अध्यापक एवं अध्यापिकाएं प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंच नहीं पाए थे। खाली कुर्सियां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अध्यापकों के आने का इंतजार कर रही थी। लगभग 40 मिनट बाद दोनों प्रशिक्षण स्थलों पर शिक्षकों का प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण में सबसे मजे की बात तो यह रही कि दोनों प्रशिक्षण स्थलों पर प्रशिक्षण हेतु मात्र एक प्रशिक्षक विभाग की ओर से नियुक्त किया गया था। जिसके चलते एक ही स्थान पर अध्यापकों का प्रशिक्षण हो सका। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से दो अलग-अलग सूचियां बनी थी,
 दोनों सूचियों में कुछ ऐसे अध्यापकों के नाम थे, जो दोनों प्रशिक्षण केंद्रों की सूची में दर्ज थे ऐसी दशा में वे शिक्षक कहां प्रशिक्षण प्राप्त किए होंगे, इसको तो विभाग के लोग ही बता सकेंगे। इतना ही नहीं प्रशिक्षण सूची में ऐसे भी अध्यापकों के नाम थे जो मंडलीय क्रीडा कार्यक्रम में अंबेडकर नगर गए हुए थे। जिनका फोटो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा था। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कुछ अध्यापक एवं अध्यापिकाएं अपने मोबाइल फोन में फेसबुक, व्हाट्सएप मैसेंजर में व्यस्त दिखे। जिसका फोटो भी कई ग्रुपों में दिनभर दौड़ता रहा। आखिर ऐसे अध्यापकों एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर प्रशासन क्या कार्यवाही करेगा। खंड शिक्षाधिकारी मिल्कीपुर सियाराम वर्मा ने बताया कि जो अध्यापक प्रशिक्षण में अनुपस्थित थे उनका प्रशिक्षण दूसरे दिन कराया जाएगा। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि एक सूची मेरे कार्यालय से बनाई गई थी तथा दूसरी सूची स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा बनाई गई थी। इन सूचियों में अब कोई संशोधन नहीं किया जा सकता था। फिलहाल प्रशिक्षण सभी अध्यापकों का होना है। वही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अयोध्या संतोष कुमार देव पांडे ने कहा कि मामले की जांच करा कर दोषी अध्यापकों एवं संबंधित जिम्मेदार के खिलाफ कार्यवाही अवश्य की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *