मिल्कीपुर पहुंचे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद गौमाता को संवैधानिक दर्जा देने की उठाई मांग
(डाक्टर अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या।शुक्रवार को ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती अपनी गौमाता जनजागरण यात्रा के तहत मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र पहुंचे।यात्रा के दौरान अमानीगंज से लेकर मिल्कीपुर बाजार और विभिन्न चौराहों पर श्रद्धालुओं, गौभक्तों तथा समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
दोपहर करीब एक बजे शंकराचार्य सांसद अवधेश प्रसाद के पांच नंबर स्थित आवास पहुंचे, जहां आयोजित पादुका पूजन कार्यक्रम में उन्होंने भाग लिया।इस अवसर पर सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना देवी, अजीत प्रसाद और अमित प्रसाद ने परिवार सहित शंकराचार्य की पादुकाओं का विधिवत पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गौमाता को पशु की श्रेणी से हटाकर “माता” का संवैधानिक दर्जा दिए जाने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि यदि सरकार स्वयं को गौभक्त और हिंदू हितैषी बताती है तो उसे गाय को माता घोषित करने का साहस भी दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर वे देशभर में जनजागरण अभियान चला रहे हैं।कहा कि शंकराचार्य ने “दीमकों की कहानी” का उल्लेख करते हुए वर्तमान व्यवस्था पर तीखा कटाक्ष किया।उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दीमकों में कुछ ही दीमक पूरे समूह को संचालित करते हैं और अधिकांश केवल अपना पेट भरने में लगे रहते हैं,उसी प्रकार आज की व्यवस्था भी दीमकग्रस्त हो चुकी है।हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति या सरकार का नाम नहीं लिया।इस मौके पर
शंकराचार्य ने राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कोष में चोरी होने के बावजूद जिम्मेदारी तय नहीं की गई और गिरफ्तार किए गए लोगों को केवल “बलि का बकरा” बनाया गया।उन्होंने यह भी दावा किया कि एसआईटी की रिपोर्ट सार्वजनिक हुई, लेकिन चंपत राय के इस्तीफे को लेकर केवल प्रचार किया गया,वास्तविक इस्तीफा नहीं हुआ।इस अवसर पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गौ सेवा एवं जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाने के लिए लवलेश पांडे और अखिलेश पांडे को मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र का अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, मिल्कीपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अजीत प्रसाद, अमित प्रसाद, राघवेंद्र प्रताप सिंह ‘अनूप’, पृथ्वीराज यादव, विकास सिंह (छोटू), रामजी पाल, सोनू तिवारी, महेश शर्मा, वेद प्रकाश यादव, संतोष यादव, पंकज शुक्ला, महेंद्र यादव, राम लहु यादव, राम बहादुर यादव, रमेश रावत,विकास यादव सहित बड़ी संख्या में गौभक्त, सनातन धर्मावलंबी, समाजवादी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

