मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए बैठक सम्पन्न*
*ब्यूरो रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*
*शाहजहाँपुर* बुधवार को एडीएम (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि इस वर्ष मोहर्रम पर्व दिनांक 15 जून 2026 से प्रारंभ होकर मुख्य पर्व 25, 26 एवं 27 जून 2026 को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि यह पर्व संवेदनशील होने के साथ-साथ कई स्थानों पर मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में आयोजित होता है, इसलिए विशेष सतर्कता एवं प्रभावी निगरानी बनाए रखना आवश्यक है। मोहर्रम के अवसर पर विभिन्न निर्धारित स्थलों एवं घरों में ताजिए स्थापित किए जाते हैं तथा बाद में ताजियों को जुलूस के रूप में स्थानीय कर्बला तक ले जाकर प्रतीकात्मक रूप से दफन किया जाता है।
उन्होंने निर्देश दिए कि मोहर्रम पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर एवं जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ताजिया जुलूसों तथा अन्य कार्यक्रमों की निगरानी हेतु अधिकारियों की थानावार ड्यूटी लगाई गई है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ सुनिश्चित करें।
बैठक में एडीएम प्रशासन ने निर्देशित किया कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे तथा इसकी पूर्व से जांच सुनिश्चित की जाए। संबंधित अधिकारियों को अपने अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर विद्युत तारों को आवश्यकतानुसार ऊंचा कराने के निर्देश दिए । नगर निगम के अधिकारियों को जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा मार्गों से ईंट, पत्थर एवं अन्य अवरोधों को हटाने की कार्रवाई पूर्व में ही पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा की दृष्टि से हाईवे और मुख्य मार्गों से लगभग 500 मीटर पूर्व बैरिकेडिंग लगाए जाने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे पूर्व में संबंधित अधिकारियों के साथ संवाद स्थापित करें समन्वय के साथ पर्व को सकुशल संपन्न कराएं।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, उप जिलाधिकारी सदर संजय पाण्डेय क्षेत्राधिकारी नगर देवव्रत बाजपेयी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थि
त रहे।

